मेरठ (उप्र), 23 मार्च (भाषा) मेरठ के मोदीपुरम क्षेत्र स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के छात्रावास में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान प्रिया (20) के रूप में हुई है, जो बिहार के छपरा की रहने वाली थी। प्रिया बीसीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी और छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी सबसे पहले उसके भाई विशाल को हुई जो उसी संस्थान में पढ़ाई करता है। उन्होंने बताया कि विशाल तुरंत प्रिया को अस्पताल ले गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पल्लवपुरम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पल्लवपुरम थाना के प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि उन्हें अस्पताल प्रबंधन के माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
भाषा सं राजेंद्र धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
