scorecardresearch
Tuesday, 24 March, 2026
होमदेशसोनी म्यूजिक के खिलाफ इलैयाराजा का कॉपीराइट मामला मद्रास से बम्बई उच्च न्यायालय स्थानांतरित

सोनी म्यूजिक के खिलाफ इलैयाराजा का कॉपीराइट मामला मद्रास से बम्बई उच्च न्यायालय स्थानांतरित

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को संगीतकार इलैयाराजा द्वारा कॉपीराइट को लेकर दाखिल एक याचिका को मद्रास उच्च न्यायालय से बम्बई उच्च न्यायालय भेज दिया।

न्यायमूर्ति संजय कुमार और न्यायमूर्ति विनोद के. चंद्रन की पीठ ने सोनी म्यूजिक एंटरटेनमेंट इंडिया प्रा. लि. द्वारा दाखिल याचिका को मंजूरी दी, जिसमें इलैयाराजा द्वारा पिछले साल मद्रास उच्च न्यायालय में दायर मामले को स्थानांतरित करने का अनुरोध किया गया था।

सुनवाई के दौरान, सोनी म्यूजिक की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी ने दलील दी कि चूंकि बम्बई उच्च न्यायालय में यह मुकदमा पहले दायर किया गया था, इसलिए मद्रास उच्च न्यायालय में बाद में चल रही कार्यवाही को स्थानांतरित किया जाना चाहिए, ताकि दोनों उच्च न्यायालयों द्वारा एक ही विवाद पर विरोधाभासी निर्णय आने की संभावना से बचा जा सके।

हालांकि, इलैयाराजा की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने इस दलील का विरोध किया और बम्बई उच्च न्यायालय के क्षेत्राधिकार पर सवाल उठाया।

उन्होंने कहा कि पक्षों के बीच हुए समझौतों में क्षेत्राधिकार संबंधी प्रावधान शामिल हैं, जिसके अनुसार विवाद मद्रास की अदालतों के क्षेत्राधिकार में आते हैं।

सुनवाई के दौरान, न्यायमूर्ति कुमार ने यह संज्ञान लिया कि इलैयाराजा ने बम्बई उच्च न्यायालय में दायर मुकदमे के खिलाफ कोई राहत नहीं मांगी थी और इस मामले को वहां स्थानांतरित करने का सुझाव दिया।

इसके बाद पीठ ने सोनी म्यूजिक की स्थानांतरण याचिका को मंजूरी दे दी, क्योंकि सिब्बल ने बम्बई उच्च न्यायालय में सभी आपत्तियां उठाने की स्वतंत्रता मांगी, जिनमें क्षेत्राधिकार से संबंधित आपत्तियां भी शामिल हैं।

उच्चतम न्यायालय ने रिकॉर्ड में यह दर्ज किया कि विवाद के सभी मुद्दे, जिसमें क्षेत्राधिकार का प्रश्न भी शामिल है, बम्बई उच्च न्यायालय द्वारा विचार के लिए खुले रहेंगे।

भाषा सुरेश धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments