जयपुर, 23 मार्च (भाषा) राजस्थान में प्रतापगढ़ जिले के धरियावद थानाक्षेत्र में पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने तस्करों के साथ मुठभेड़ के बाद 762 किलोग्राम से अधिक अवैध डोडा चूरा जब्त किया और एक कारतूस बरामद किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने कहा कि ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि धरियावद के पास एक तेज गति गाड़ी नाकाबंदी तोड़ती हुई निकल गई जिसके बाद डीएसटी टीम ने उसका पीछा किया।
उन्होंने बताया कि वाहन में सवार लोगों ने डीएसटी टीम पर गोलीबारी की जिसपर टीम ने जवाबी कार्रवाई की।
आदित्य ने कहा कि आरोपी वाहन को जंगल में छोड़कर भाग गए तथा बाद में तलाशी में 38 कट्टों में भरा कुल 762 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा मिला। साथ ही एक कारतूस भी बरामद हुआ।
उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो कथित तस्करों की 1.12 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी शाहरुख खान और दिलावर खान ने कथित तौर पर अवैध नशे के कारोबार से प्राप्त अवैध कमाई से आलीशान मकान बनाए और एक एसयूवी खरीदी। इन संपत्तियों की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ 12 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि जब्त की गई संपत्तियों पर बोर्ड लगाए गए हैं और नशा तस्करों तथा उनके नेटवर्क के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
