नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी ने कांग्रेस और माकपा के बीच हाल में हुई जुबानी जंग को रविवार को तवज्जो नहीं देते हुए विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के भीतर एकता की आवश्यकता को रेखांकित किया।
बेबी का बयान ऐसे समय आया है जब केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शनिवार ‘पीटीआई वीडियो’ को दिये गए साक्षात्कार में कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी के खिलाफ निशाना साधते हुए उन्हें भाजपा की ‘बी-टीम’ बताया था।
इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए बेबी ने कहा कि विजयन को उस घटना के बाद जवाब देने के लिए ‘मजबूर’ होना पड़ा जिसे उन्होंने ‘अनुचित हमला’ करार दिया था।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस और माकपा के बीच चल रही जुबानी जंग को और बढ़ाना नहीं चाहता। आज भारत में सबसे ज्यादा जरूरत ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) से संबंधित राजनीतिक दलों के बीच सहयोग की है।’’
माकपा महासचिव ने रेखांकित किया कि विपक्षी गठबंधन को चुनाव से परे जाकर एक व्यापक जन आंदोलन में तब्दील होना चाहिए।
भाषा धीरज रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
