scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेशनीतीश कुमार ने पटना में बिहार दिवस समारोह का उद्घाटन किया

नीतीश कुमार ने पटना में बिहार दिवस समारोह का उद्घाटन किया

Text Size:

(फोटो सहित)

पटना, 22 मार्च (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना में तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह का उद्घाटन किया।

ब्रिटिश भारत में 22 मार्च, 1912 को बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग होकर बिहार राज्य बना था।

राज्य सरकार ने तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत कई कार्यक्रमों का आयोजन किया है, जिनमें लोक संगीत, पारंपरिक नृत्य और बिहार के इतिहास और कला को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनियां शामिल हैं।

कुमार ने पटना के गांधी मैदान में दीप प्रज्वलित करके और गुब्बारों का एक गुच्छा हवा में छोड़कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

जनता दल (यूनाइटेड) सांसद संजय कुमार झा ने कहा, ‘‘बिहार दिवस को नीतीश कुमार ने 2010 में संस्थागत रूप दिया था और यह हर साल 22 मार्च को मनाया जाता है। मेरा मानना ​​है कि बिहार की विरासत और इतिहास इतना समृद्ध है कि लोग अक्सर कहते हैं कि भारत का इतिहास मूल रूप से बिहार का इतिहास है।’’

उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार से पहले, लोग खुद को बिहारी कहने में शर्म या झिझक महसूस करते थे। लेकिन पिछले 20 वर्षों में, मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा लाए गए बदलावों ने उस धारणा को पूरी तरह से बदल दिया। आज लोग बिहारियों के बारे में सम्मान से बात करते हैं।”

झा ने कहा कि इस क्षेत्र के लोग, जो 100-150 साल पहले काम के लिए सूरीनाम, मॉरीशस और फिजी जैसे स्थानों पर प्रवास कर गए थे, आज भी अपनी जड़ों को बिहार से जोड़कर देखते हैं। उन्होंने कहा, “बिहार दिवस के अवसर पर बिहार के सभी मेहनती लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं।”

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित कई अन्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित थे।

भाषा आशीष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments