scorecardresearch
Sunday, 5 April, 2026
होमविदेशनेपाल के कपिलवस्तु जिले में प्रतिबंधात्मक आदेश फिर से लागू किये गये

नेपाल के कपिलवस्तु जिले में प्रतिबंधात्मक आदेश फिर से लागू किये गये

Text Size:

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 22 मार्च (भाषा) नेपाल के हिंसाग्रस्त कपिलवस्तु जिले में रविवार को प्रतिबंधात्मक आदेश फिर से लागू कर दिए गए।

कपिलवस्तु में दो समुदायों के बीच झड़प हिंसक हो गई थी। कपिलवस्तु जिला प्रशासन कार्यालय ने स्थिति तनावपूर्ण बनी रहने के कारण जिले के महाराजगंज नगरपालिका के कुछ हिस्सों में प्रतिबंधात्मक आदेश फिर से लागू कर दिए हैं।

कपिलवस्तु के मुख्य जिला अधिकारी जनार्दन गौतम के अनुसार यह कदम जिला सुरक्षा समिति के निर्णय के अनुसार उठाया गया था।

इस आदेश के तहत नगरपालिका के विभिन्न हिस्सों में लोगों के इकट्ठा होने, सार्वजनिक सभा करने, रैलियां करने और प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि शनिवार की सुबह महाराजगंज नगरपालिका के बरगदवा क्षेत्र में नवरात्र का उत्सव मना रहे हिंदुओं का एक समूह भजन गा रहा था, तभी ईद मना रहे मुसलमानों के एक समूह ने इसका विरोध करते हुए कहा कि संगीत बहुत तेज है।

पुलिस ने बताया कि इस टकराव के परिणामस्वरूप दोनों समूहों के बीच झड़प हो गई और इसने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें सुरक्षाकर्मियों समेत कम से कम 20 लोग घायल हो गए।

इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार को कपिलवस्तु जिला प्रशासन कार्यालय की पहल पर विभिन्न हितधारक समूहों, राजनीतिक दलों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में शांति और सद्भाव बनाए रखने और सांप्रदायिक सद्भाव लाने की दिशा में काम करने का निर्णय लिया गया।

भाषा

देवेंद्र रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments