(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्व नेता के सी त्यागी रविवार को राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) में शामिल हो गए।
त्यागी ने कहा कि दोनों दलों में कोई फर्क नहीं है क्योंकि दोनों ही पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया के आदर्शों पर चलते हैं।
उन्होंने कहा कि वह पार्टी में विधायक या सांसद बनने नहीं, बल्कि रालोद प्रमुख जयंत चौधरी को चौधरी चरण सिंह की तरह बनते हुए देखने आए हैं। देश के प्रधानमंत्री रह चुके चौधरी चरण सिंह जयंत के दादा हैं।
उन्होंने रालोद में रहने के दौरान चौधरी चरण सिंह के दृष्टिकोण और आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
रालोद जदयू की तरह ही भाजपा का सहयोगी और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (राजग) का घटक है।
त्यागी ने यहां एक कार्यक्रम में रालोद अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
उन्होंने मंगलवार को जदयू छोड़ने की घोषणा की थी। हालांकि उन्होंने इसके लिए कोई कारण नहीं बताया था।
त्यागी अक्टूबर 2003 में समता पार्टी और जनता दल के विलय से बने जदयू से जुड़े रहे। उन्होंने जदयू में मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया।
त्यागी का अपनी पार्टी में स्वागत करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि वह रालोद को ‘नयी ऊर्जा और शक्ति’ प्रदान करेंगे।
रालोद प्रमुख ने त्यागी के साथ पार्टी में शामिल हुए अन्य सभी नेताओं का भी स्वागत करते हुए कहा, ‘‘सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से, मैं उनका स्वागत करता हूं और उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूं।’’
रालोद में शामिल होने के बारे में ‘पीटीआई-वीडियो’ से बात करते हुए त्यागी ने कहा, “रालोद और जदयू में कोई अंतर नहीं है। दोनों पार्टियों के मार्गदर्शक नेता एक ही हैं: चौधरी चरण सिंह, डॉ. लोहिया और कर्पूरी ठाकुर।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह 2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने कहा, ‘‘नहीं। मैं पहले ही विधायक और सांसद रह चुका हूं।’’
उन्होंने कहा, “चौधरी चरण सिंह जी की बदौलत मैंने लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों के सदस्य के रूप में कार्य किया है। इसलिए मैं यहां (रालोद में ) विधायक या सांसद बनने नहीं आया हूं।’’
उन्होंने कहा, “मैं जयंत चौधरी को चौधरी चरण सिंह की तरह बनते हुए देखना चाहता हूं।”
भाषा राजकुमार रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
