scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेशअधिकारी की आत्महत्या: विपक्षी दलों ने आप सरकार के खिलाफ संयुक्त विरोध प्रदर्शन किया

अधिकारी की आत्महत्या: विपक्षी दलों ने आप सरकार के खिलाफ संयुक्त विरोध प्रदर्शन किया

Text Size:

चंडीगढ़, 22 मार्च (भाषा) पुलिस ने रविवार को यहां विपक्षी नेताओं को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया, जब वे संयुक्त प्रदर्शन के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास का ‘घेराव’ करने के लिए जा रहे थे। विपक्ष पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है, जिन पर राज्य वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के एक अधिकारी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।

अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने शनिवार तड़के जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस बीच एक वीडियो सामने आया जिसमें उन्होंने कथित तौर पर भुल्लर द्वारा उत्पीड़न का दावा किया। विवाद के बीच मान के निर्देश पर भुल्लर ने उसी दिन मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

पुलिस ने शनिवार रात भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (समान मंशा) के तहत मामला दर्ज किया।

शिरोमणि अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा ने घोषणा की थी कि वे भुल्लर की गिरफ्तारी की अपनी मांग को लेकर मुख्यमंत्री मान के आवास का संयुक्त रूप से घेराव करेंगी।

पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, साथ ही शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और दलजीत सिंह चीमा भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

विधायकों के ‘हॉस्टल’ पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने से रोका जा सके। चंडीगढ़ पुलिस द्वारा अवरोधक भी लगाए गए थे।

विपक्षी दल भुल्लर की गिरफ्तारी और आत्महत्या के कारणों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने की मांग कर रहे हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जाखड़ ने कहा कि वे रंधावा के परिवार के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। जाखड़ ने कहा कि भुल्लर की गिरफ्तारी तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

अकाली नेता मजीठिया ने पत्रकारों से कहा कि भुल्लर को इस मामले में गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

विपक्ष के नेता बाजवा ने भी भुल्लर को तुरंत गिरफ्तार न करने के लिए आम आदमी पार्टी नीत सरकार की निंदा की।

भाषा आशीष संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments