नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) चेक वाहन ब्रांड स्कोडा इस साल भारत में ‘10 उत्पादों में कुछ बदलाव’ और देश में नेटवर्क के विस्तार के जरिये बिक्री में 12 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य लेकर चल रहा है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
स्कोडा ऑटो इंडिया के ब्रांड निदेशक आशीष गुप्ता ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘कंपनी ने अपने मध्यम आकार के मॉडल एसयूवी कुशाक का नया संस्करण पेश किया है। कंपनी ने भविष्य में एक लाख इकाइयों की सालाना बिक्री का आंकड़ा पार करने का लक्ष्य रखा है। हालांकि, यह 2026 में नहीं होगा।’’
कंपनी ने 2025 में करीब 72,000 वाहन बेचे थे। वाहन डीलर संघों के महासंघ (फाडा) के अनुसार, माल एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों की मदद से, भारत में यात्रियों गाड़ियों की खुदरा बिक्री 2025 में 44,75,309 इकाई रही, जबकि 2024 में यह 40,79,532 इकाई थी, जो 9.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
घरेलू बाजार में यात्री वाहनों के वृद्धि परिदृश्य के बारे में पूछे जाने पर गुप्ता ने कहा, ‘‘मुझे इस साल बाजार में 4-5 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है, और इतने ऊंचे आधार पर चार से पांच प्रतिशत एक बड़ी वृद्धि होगी।’’
स्कोडा ऑटो इंडिया के बारे में उन्होंने कहा कि 2025 में कंपनी की वृद्धि लगभग 100 प्रतिशत थी, करीब 72,000 वाहनों की बिक्री हुई, लेकिन ‘‘हर साल 100 प्रतिशत वृद्धि को दोहराना व्यावहारिक नहीं है। हमारा आधार ऊंचा हो गया है… इस साल हम कम से कम 10 से 12 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं।’’
जब उनसे एक लाख सालाना इकाई के लक्ष्य के बारे में पूछा गया तो उन्होंने ‘‘हम जल्द ही इस आंकड़े को पार करना चाहेंगे। लेकिन हमें व्यावहारिक होना होगा… हमें देखना होगा कि हमारे पास क्या उत्पाद पोर्टफोलियो है… हमारे नेटवर्क के लिए जो ऊंचा आधार है, उस पर 10 से 12 प्रतिशत (2026 में), हमारे जैसे ब्रांड के लिए काफी वृद्धि है।’’
गुप्ता ने आगे कहा, ‘‘हम अब मात्रा के मामले में देश में सातवें नंबर के ब्रांड हैं (किआ इंडिया के बाद)। हम बाजार से आगे निकलना चाहते हैं।’’
वर्ष 2026 में उत्पादों को लेकर कदमों के बारे में उन्होंने कहा कि यह बहुत सारी उत्पाद कार्रवाइयों और नेटवर्क बढ़ाने के जरिये हासिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस साल हम कम से कम 10 उत्पादों को लेकर कुछ नया करने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कंपनी ने कॉम्पैक्ट एसयूवी काइलैक श्रृंखला को दो ‘नई कीमतों और दो नए संस्करण’ के साथ बेहतर बनाया है, जिसके बाद पिछले सप्ताह एक नई कुशाक एसयूवी बाजार में आई है।
उन्होंने कहा कि अगले कुछ माह में हम कोडिएक एसयूवी में कुछ बदलाव करेंगे। इसके बाद स्लाविया को लेकर ऐसा किया जाएगा। एक नया संस्करण काइलैक स्पोर्ट्स लाइन अगस्त-सितंबर के आसपास बाजार में आएगा।’’
भाषा अजय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
