scorecardresearch
Saturday, 21 March, 2026
होमदेशदिल्ली की मस्जिदों में ईद की नमाज के लिए उमड़े लोग

दिल्ली की मस्जिदों में ईद की नमाज के लिए उमड़े लोग

Text Size:

(तस्वीरों के साथ जारी)

नयी दिल्ली, 21 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह ठंडी हवा और कोहरे के बीच ईद-उल-फितर की नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग विभिन्न मस्जिदों में पहुंचे और एकजुटता एवं अकीदत की भावना के साथ त्योहार मनाया।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि ईद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति सुनिश्चित करने के लिए पूरे शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

शहर के कई हिस्सों में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे मस्जिदों के गुंबद और मीनारें धुंध की चादर में लिपटी-सी प्रतीत हुईं और आसपास का दृश्य बेहद मनमोहक बन गया।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी।

फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने इसे खुशी और एकजुटता का दिन बताया। उन्होंने कहा, ‘‘यह ईद का त्योहार है, ‘मीठी ईद’। मैं देशभर के लोगों से अपील करता हूं कि वे खुशी और गम दोनों में साथ खड़े रहें, प्रेम और सद्भाव को बढ़ावा दें तथा एक-दूसरे की मदद करें।’’

अहमद ने कहा कि इंसानियत सबसे मजबूत रिश्ता है और कोई भी धर्म संघर्ष का समर्थन नहीं करता।

जामा मस्जिद में आए मोहम्मद हबीशुल्लाह ने कहा कि जो लोग त्योहार पर अपने घर नहीं जा सके, वे मस्जिद आए और उन्हें गले लगाकर बधाई दी गई।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा नहीं लगता कि हम अजनबियों से मिल रहे हैं। इससे सद्भाव और नये रिश्तों की भावना पैदा होती है।’’

एक अन्य नमाजी जावेद ने कहा कि उन्होंने अलग-अलग मौसम में ईद देखी है, लेकिन ईद पर कोहरा पहली बार देखा है। उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रकृति का एक अजूबा जैसा लगा।’’

जामा मस्जिद एवं फतेहपुरी मस्जिद के अलावा सीलमपुर, ओखला एवं निजामुद्दीन की मस्जिदों में अच्छी-खासी भीड़ देखी गई।

भाषा सिम्मी अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments