श्रावस्ती (उप्र), 20 मार्च (भाषा) थाना सिरसिया क्षेत्र अंतर्गत सोनपथरी आश्रम मंदिर के पास रोजा इफ्तार पार्टी में मांसाहारी भोजन बनाने और वहां अवशेष फेंकने के आरोप में पुलिस ने चार अभियुक्तों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को सोनपथरी सिरसिया आश्रम के हरी शरणानंद जी महाराज ने लिखित शिकायत देकर बताया था कि दिनांक 17 मार्च की शाम कुछ लोग मंदिर के बगल से बहने वाले नाले के पास रोजा इफ्तारी की पार्टी कर रहे थे जिसमें मांसाहारी भोजन परोसा जा रहा था।
शिकायत के मुताबिक, मांसाहार के अवशेष मंदिर से सटे एक जलस्रोत में फेंके जा रहे थे। उस जलस्त्रोत के पानी का प्रयोग आश्रम द्वारा खाना बनाने, पीने और मूर्ति धोने के लिए किया जाता है और जब आश्रम की ओर से उन्हें रोका गया तो आरोपियों ने कथित रूप से धमकी दी।
इस कृत्य से आश्रम की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उक्त शिकायत के आधार पर थाना सिरसिया में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(2) (धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र, समुदाय आदि के आधार पर नफरत, वैमनस्य फैलाना) के तहत मामला दर्ज कर शुक्रवार को चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान थाना हरदत्तनगर गिरंट अंतर्गत महरू मुर्तिहा गांव निवासी जमाल अहमद, इरफान अहमद, इमरान अहमद और जहीर खान के रूप में की गई है।
भाषा सं राजेंद्र सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
