गुवाहाटी, 20 मार्च (भाषा) असम विधानसभा चुनावों के लिए शुक्रवार तक मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा समेत कुल 116 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि 126 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए शुक्रवार को 109 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किये, जबकि सात उम्मीदवारों ने पिछले दिन (बृहस्पतिवार को) नामांकन पत्र दाखिल किये थे।
मुख्यमंत्री के अलावा नामांकन दाखिल करने वाले अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में तामुलपुर से अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी, नजीरा से विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया, शिवसागर से असम जातीय परिषद के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई शामिल हैं।
वहीं, कैबिनेट मंत्रियों में गोलाघाट से अजंता नियोग, भवानीपुर-सरभोग से रंजीत कुमार दास, डिब्रूगढ़ से प्रशांत फुकन और ढेकियाजुली से अशोक सिंघल ने भी अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष और मंत्री भावेश कलिता ने भी रंगिया से नामांकन दाखिल किया है।
यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के अध्यक्ष प्रमोद बोरो ने तामुलपुर से और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के मौजूदा विधायक मनोरंजन तालुकदार ने भवानीपुर-सरभोग से अपना नामांकन दाखिल किया।
इसी के साथ, राज्यसभा के पूर्व सदस्य एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रिपुन बोरा उत्तरी असम की बरचल्ला विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है जबकि उनकी जांच अगले दिन होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च है।
चुनाव नौ अप्रैल को होगा और मतों की गिनती चार मई को की जाएगी।
भाषा
प्रचेता देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
