भुवनेश्वर, 20 मार्च (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि 210 करोड़ रुपये की प्रस्तावित महानदी ‘रिवरफ्रंट’ परियोजना पर तुरंत काम शुरू किया जाए और इसे एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना को कटक में महानदी नदी के किनारे 426 एकड़ जमीन पर लगभग 210 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से अमलीजामा पहचाना जायेगा।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशानिर्देशों के अनुसार, 284 एकड़ जमीन पर हरित पट्टी बनाई जाएगी, जबकि शेष 142 एकड़ भूमि का उपयोग पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
इस परियोजना में ओडिशा हाट, एक विरासत गांव, पिकनिक क्षेत्र, एक व्याख्या केंद्र, भोजनालय, लॉन, उद्यान और नदी तट के किनारे जल निकायों का सौंदर्यीकरण शामिल है।
माझी ने कहा,‘‘सभी निर्माण कार्य एनजीटी के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए किए जाएंगे।’’
‘रिवरफ्रंट’ को राष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुजरात में साबरमती ‘रिवरफ्रंट’ परियोजना का अध्ययन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘सभी प्रारंभिक प्रक्रियाओं को यथाशीघ्र पूरा करें और कार्य का पहला चरण तुरंत शुरू करें।’’
भाषा राजकुमार माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
