गुवाहाटी, 20 मार्च (भाषा) असम के मुख्यमंत्री विश्व शर्मा और उनकी उद्यमी पत्नी की संयुक्त संपत्ति 2021 में 17.27 करोड़ से दोगुना बढ़कर 2026 में 35.16 करोड़ रुपये हो गई।
जालुकबाड़ी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल करते हुए शर्मा (57) ने हलफनामे में बताया कि उनके पास केवल चल संपत्ति है, जिसकी कीमत 2021 में 1.72 करोड़ रुपये थी और 2026 में बढ़कर 2.36 करोड़ रुपये हो गई है।
मीडिया कंपनी प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट की प्रबंध निदेशक उनकी पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा के पास चल और अचल संपत्ति दोनों हैं, जिनका कुल मूल्य 2026 में 32.79 करोड़ रुपये हो गया है, जो 2021 में 16.19 करोड़ रुपये था।
मुख्यमंत्री के पास 2.28 लाख रुपये नकद हैं और चार बैंक जमा खातों में कुल 68,01,943 रुपये जमा हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 3.16 लाख रुपये नकद और चार बैंक खातों में कुल 74,85,248 रुपये जमा हैं।
शर्मा के पास बॉन्ड, डिबेंचर, शेयर, म्यूचुअल फंड आदि में कोई निवेश नहीं है, जबकि उनकी पत्नी के पास इन श्रेणियों में 5.10 करोड़ रुपये का निवेश है।
मुख्यमंत्री के पास कोई जीवन बीमा नहीं है, जबकि उनकी पत्नी के पास 1,77,55,531 रुपये का एक बीमा है।
शर्मा के पास कोई वाहन नहीं है, लेकिन उनकी पत्नी के पास 2018 में खरीदी गई 21.60 लाख रुपये की एक जीप है।
मुख्यमंत्री के पास 180 ग्राम सोना है, जिसकी बाजार कीमत 25.10 लाख रुपये है, जबकि उनकी पत्नी के पास 1459.221 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 2.03 करोड़ रुपये है।
अचल संपत्ति की श्रेणी में शर्मा और रिनिकी भुयान शर्मा—दोनों के पास कोई कृषि भूमि नहीं है। मुख्यमंत्री के पास गैर-कृषि भूमि भी नहीं है।
रिनिकी भुयान शर्मा के पास तीन गैर-कृषि संपत्तियां हैं,दो खरीदी हुई और एक उनके पिता से विरासत में मिली,जिनकी कुल मौजूदा बाजार कीमत 19.25 करोड़ रुपये है।
उन्होंने 12,960 वर्ग फुट जमीन खरीदी थी, जिस पर एक घर बना है और इसकी वर्तमान कीमत 1.60 करोड़ रुपये है। उनके पिता से मिली संपत्ति की कीमत अब 1.40 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा, 2022 में खरीदा गया 2,127 वर्ग फुट का एक और प्लॉट है, जिसकी मौजूदा कीमत 4.25 करोड़ रुपये है।
शर्मा की कुल देनदारियां 95.05 लाख रुपये हैं, जबकि उनकी पत्नी की देनदारियां 15.91 करोड़ रुपये हैं।
शर्मा के खिलाफ कोई मामला लंबित नहीं है और उन्हें किसी भी अदालत द्वारा दोषी नहीं ठहराया गया है।
वहीं, विपक्षी रायजोर दल के अध्यक्ष और विधायक अखिल गोगोई के खिलाफ 21 आपराधिक मामले लंबित हैं, हालांकि उन्हें किसी भी मामले में दोषी नहीं ठहराया गया है। उन्होंने शुक्रवार को दाखिल अपने चुनाव हलफनामे में यह जानकारी दी।
शिवसागर निर्वाचन क्षेत्र से इस बार भी चुनाव लड़ रहे गोगोई ने बताया कि उनके पास कोई अचल संपत्ति नहीं है। 2021 के हलफनामे के अनुसार भी उनके पास कोई अचल संपत्ति नहीं थी।
हलफनामे में कहा गया है कि उनके पास 1.75 लाख रुपये से अधिक की चल संपत्ति है और उनके ऊपर सरकार का बकाया, बैंक, वित्तीय संस्थान या अन्य का कोई ऋण नहीं है।
हालांकि, उन्होंने अपनी पत्नी से 50,000 रुपये का ऋण लिया है, जो गुवाहाटी के एक कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर हैं।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
