scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशकांग्रेस ने उम्मीदवारों की सूची को तीन दिन में अंतिम रूप दिया, राजग-एलडीएफ ऐसा नहीं कर पाए: एंटनी

कांग्रेस ने उम्मीदवारों की सूची को तीन दिन में अंतिम रूप दिया, राजग-एलडीएफ ऐसा नहीं कर पाए: एंटनी

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 20 मार्च (भाषा) कांग्रेस नेता ए.के. एंटनी ने शुक्रवार को कहा कि विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा के तीन दिन के भीतर ही पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पूरी सूची को अंतिम रूप दे दिया, लेकिन एलडीएफ और राजग ऐसा नहीं कर पाए।

उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवारों की घोषणा में देरी के कारणों को लेकर पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा, ‘‘चुनाव तिथि की घोषणा के तीन दिन के भीतर ही सबकुछ हो गया। लेकिन अब भी राजग और एलडीएफ कुछ सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं कर पाए हैं।’’

पत्रकारों ने जब उम्मीदवारों के चयन को लेकर कांग्रेस के भीतर असंतोष की ओर इशारा किया, तो एंटनी ने कहा कि यह अतीत में हुई घटनाओं, विशेष रूप से 2001 के विधानसभा चुनाव में हुई घटनाओं की तुलना में कुछ भी नहीं है, जब कुछ सीटों से चुनाव लड़ने के लिए चुने गए पार्टी के तीन सदस्यों ने अंतिम क्षण में अपना नाम वापस ले लिया था।

कांग्रेस सांसदों के. सुधाकरन और अडूर प्रकाश के टिकट न मिलने से असंतुष्ट होने की खबरें थीं, लेकिन बाद में दोनों नेताओं ने कहा कि वे पार्टी के फैसले को स्वीकार कर रहे हैं।

पार्टी के कुछ सदस्य टिकट न मिलने को लेकर नाराज बताए जा रहे हैं, जिनमें से दो पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं।

वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में चिरायिनकीझू से कांग्रेस के उम्मीदवार रहे बी एस अनूप और कांग्रेस प्रदेश कमेटी कार्यकारी समिति के सदस्य आर एस अरुण राज शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए।

भाषा नेत्रपाल माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments