नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) शिक्षा मंत्रालय शनिवार से दो दिवसीय ‘‘भारत इनोवेट्स डीप-टेक प्री-समिट’’ का आयोजन कर रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एक विशेष सत्र के दौरान सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
आईआईटी बंबई में आयोजित इस दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रदर्शनी में देश भर से प्राप्त 3,000 से अधिक आवेदनों में से चयनित लगभग 137 होनहार डीप-टेक स्टार्टअप शामिल होंगे।
भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत इनोवेट्स पहल की घोषणा की थी। शिक्षा मंत्रालय का यह प्रमुख कार्यक्रम भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के रणनीतिक मार्गदर्शन में संचालित होता है।
इस कार्यक्रम को भारतीय डीप-टेक के लिए वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने वाले आयोजन के रूप में परिकल्पित किया गया है, जो भारत के उच्च शिक्षा नवाचार इकोसिस्टम (स्टार्टअप, प्रयोगशालाएं और अनुसंधान पार्क) और कॉरपोरेट, निवेशकों, विश्वविद्यालयों और सरकारों सहित वैश्विक हितधारकों के बीच स्थायी सेतु का निर्माण करता है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘भारत इनोवेट्स डीप-टेक प्री-समिट में 13 महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में नवोन्मेष का प्रदर्शन किया जाएगा, जिनमें उन्नत कंप्यूटिंग, स्वास्थ्य सेवा और मेडटेक, अंतरिक्ष और रक्षा, ऊर्जा और स्थिरता, सेमीकंडक्टर, जैव प्रौद्योगिकी, स्मार्ट सिटी और मोबिलिटी, कृषि और खाद्य प्रौद्योगिकी, उन्नत सामग्री, विनिर्माण और उद्योग 4.0 और आपदा प्रबंधन आदि शामिल हैं।’’
इसमें कहा गया कि ये नवाचार, जो भारत के प्रमुख संस्थानों जैसे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) और अग्रणी अनुसंधान प्रणालियों में विकसित हुए हैं, भारत की शैक्षणिक बुनियाद से उभरने वाली अगली पीढ़ी की विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी प्रौद्योगिकियों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.