इंफाल, 20 मार्च (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने जातीय संघर्ष से प्रभावित राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के उपायों पर चर्चा के लिए कुकी जो काउंसिल के सदस्यों को बैठक के लिए आमंत्रित किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के सचिव ने कुकी जो काउंसिल के अध्यक्ष को लिखे पत्र में शुक्रवार को कहा कि सिंह ने राज्य में सामान्य स्थिति बहाल करने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए शनिवार को गुवाहाटी में सदस्यों से बैठक करने का अनुरोध किया है।
पत्र में लिखा गया है, “मुझे निर्देश दिया गया है कि उपरोक्त विषय का उल्लेख करते हुए मणिपुर के मुख्यमंत्री की ओर से आप और कुकी जो काउंसिल के अन्य सदस्यों के साथ बैठक करने का अनुरोध आप तक पहुंचाया जाए, ताकि मणिपुर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने से जुड़े मामलों पर चर्चा की जा सके।”
अधिकारियों ने कहा कि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि कुकी जो काउंसिल बैठक में शामिल होगी या नहीं।
भाषा जोहेब माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.