श्री विजय पुरम, 20 मार्च (भाषा) भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने शुक्रवार को अनिवार्य बायोमेट्रिक अद्यतन और वयस्क नामांकन सत्यापन में शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए अंडमान-निकोबार प्रशासन की सराहना की।
द्वीपसमूह के आधिकारिक दौरे पर आए यूआईडीएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि केंद्र शासित प्रदेश कई प्रमुख मापदंडों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों में शामिल है।
यूएआईडीआई, आधार संख्या जारी करने, आधार डेटाबेस का प्रबंधन करने और पहचान संबंधी जानकारी की सुरक्षा और प्रमाणीकरण सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा, “केंद्र शासित प्रदेश ने अनिवार्य बायोमेट्रिक अद्यतन और वयस्क नामांकन सत्यापन में असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है। यह एकमात्र ऐसा राज्य या केंद्र शासित प्रदेश है जिसने 100 वर्ष से अधिक आयु के निवासियों का सत्यापन पूरा कर लिया है।”
कुमार ने द्वीपसमूह की विशिष्ट चुनौतियों को स्वीकार किया, जिनमें दुर्गम भूभाग और संपर्क संबंधी बाधाएं शामिल हैं, जो सेवा वितरण को प्रभावित करती हैं।
उन्होंने कहा, “हमने इन मुद्दों पर जिला अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की और यह सुनिश्चित करने के लिए समाधान प्रस्तावित किए कि आधार सेवाएं प्रत्येक निवासी तक कुशलतापूर्वक पहुंचें।”
अधिकारी ने कहा कि यूआईडीएआई और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय महत्वपूर्ण होगा।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
