scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशउत्तराखंड: ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी, निचले इलाकों में बारिश से तापमान गिरा

उत्तराखंड: ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी, निचले इलाकों में बारिश से तापमान गिरा

Text Size:

देहरादून, 20 मार्च (भाषा) उत्तराखंड के बदरीनाथ व केदारनाथ समेत अनेक उंचाई वाले स्थानों पर में शुक्रवार को भारी बर्फबारी हुई जबकि निचले इलाकों व मैदानी क्षेत्रों में बारिश जारी रहने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गयी।

शुक्रवार को हुई बर्फबारी, हाल के वर्षों में मार्च के महीने में सबसे ज्यादा रही।

राज्य के विभिन्न हिस्सों से आ रही खबरों में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और औली समेत अनेक स्थानों पर भारी बर्फबारी हुई।

रुद्रप्रयाग जिला आपदा केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम तक केदारनाथ धाम में चार फुट बर्फ गिर चुकी थी जबकि बर्फबारी अब भी जारी है।

चमोली जिला प्रशासन ने बताया कि उंचाई वाले सभी इलाकों में बर्फ जम गयी है और देर शाम तक बदरीनाथ में दो फुट बर्फ गिर चुकी है।

मैदानी क्षेत्रों में देहरादून, हरिद्वार और अन्य इलाकों में बृहस्पतिवार शाम शुरू हुई बारिश शुक्रवार को दिन भर जारी रही जिससे ठंडक बढ़ गयी।

लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गयी।

देहरादून मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 11 डिग्री और बृहस्पतिवार के अधिकतम तापमान से करीब 10 डिग्री कम 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा, पंतनगर में दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री, टिहरी में 8.4 तथा मुक्तेश्वर में सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बृहस्पतिवार की तुलना में क्रमश: 4.6 डिग्री, 7.6 डिग्री तथा 8.5 डिग्री कम रहा ।

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए उत्तराखंड के सभी जिलों के अधिकांश स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज के साथ बिजली चमकने तथा 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फवारी की संभावना व्यक्त की थी।

विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चम्पावत एवं पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, भारी बर्फबारी, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाओं के चलने की आशंका के कारण आरेंज अलर्ट जबकि हरिद्वार, उधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी अल्मोड़ा तथा नैनीताल जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया ।

मौसम केंद्र ने बताया कि शनिवार सुबह तक मौसम सुधरने का अनुमान है जबकि हल्की-फुल्की बारिश का सिलसिला खासतौर से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ आदि पहाड़ी जिलों में 26 मार्च तक जारी रह सकता है।

भाषा दीप्ति रवि कांत जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments