नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम में एक घर में सेंधमारी के आरोप में यहां एक पांच सितारा होटल में रात्रि में काम करने वाले 22 वर्षीय शेफ को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी ने ताला खोलने के लिए ‘मास्टर’ चाबी का इस्तेमाल किया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नीलेश उर्फ निकेश के पास से 2.69 लाख रुपये के आभूषण और नगद बरामद किया गया है। उसके पास से एक मास्टर चाबी और दो स्कूटर भी जब्त किए गए हैं। इनमें से एक स्कूटर कथित तौर पर चोरी का है।
पुलिस के अनुसार, आर.के. पुरम सेक्टर-1 के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इस महीने की शुरुआत में जब उनका परिवार राजस्थान में एक शादी समारोह से लौटा, तो घर से 3.5 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने गायब थे।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति को पहले गेट खोल कर अंदर घुसते हुए देखा गया और करीब आधे घंटे बाद वह चोरी का सामान लेकर स्कूटर से फरार होता दिखाई दिया। हालांकि, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि होटल में रात्रि ड्यूटी पर होने के बावजूद आरोपी ने अपने खाली समय में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
उन्होंने बताया, “उसने कहा कि चोरी किए गए गहने उसके कार्यस्थल पर खड़ी एक स्कूटर के अंदर छिपा कर रखे गए थे।”
पुलिस ने बताया कि गहने छिपाने के लिए इस्तेमाल किया गया स्कूटर पिछले साल इलाके से चोरी हुआ था। मामले की जांच जारी है।
भाषा प्रचेता माधव नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
