नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बहरीन के शाह हमद बिन ईसा अल खलीफा से बात कर पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की और क्षेत्र में ऊर्जा व असैन्य बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की। प्रधानमंत्री ने बहरीन के शासक से टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने और जहाजरानी मार्गों को खुला एवं सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया।
मोदी ने कहा, “बहरीन के शाह हमद बिन ईसा अल खलीफा के साथ सार्थक चर्चा हुई। मैंने उन्हें और बहरीन के लोगों को ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।”
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमने पश्चिम एशियाई क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। हमने क्षेत्र में ऊर्जा व असैन्य बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की और वैश्विक खाद्य, ईंधन और उर्वरक सुरक्षा पर उनके प्रतिकूल प्रभाव को रेखांकित किया।”
प्रधानमंत्री ने बहरीन में भारतीय समुदाय की भलाई को लेकर निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया।
अमेरिका और इजराइल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर हमले के बाद यह दूसरी बार था, जब मोदी ने बहरीन के शासक से बात की।
इस्लामिक गणराज्य ने भी अपने कई खाड़ी पड़ोसी देशों पर हमला कर जवाबी कार्रवाई की।
संघर्ष शुरू होने के बाद से प्रधानमंत्री सऊदी अरब, जॉर्डन, यूएई, फ्रांस, मलेशिया, इजराइल और ईरान सहित कई अन्य विश्व नेताओं से भी बात कर चुके हैं।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
