गुरुग्राम, 20 मार्च (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर 28 इलाके में शुक्रवार दोपहर पांच मंजिला एक अतिथि गृह में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, दमकलकर्मी, हरियाणा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एचएसडीआरएफ) और स्थानीय लोगों ने इमारत में फंसे तीन महिलाओं सहित चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अधिकारियों ने बताया कि एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, आग अतिथि गृह के भूतल पर स्थित एक विद्युत पैनल में लगी, जिसके पीछे शॉर्ट सर्किट को कारण बताया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस उपायुक्त (पूर्व) गौरव राजपुरोहित और सहायक पुलिस आयुक्त (पूर्व) विकास कौशिक मौके पर मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को अपराह्न करीब एक बजकर 29 मिनट पर सेक्टर 28 स्थित पांच मंजिला इमारत (संख्या 3401) में आग लगने की सूचना मिली, जिसमें चार लोग फंसे हुए थे।
अधिकारी ने बताया कि दमकल की चार गाड़ियां और एचएसडीआरएफ की एक टीम तुरंत मौके पर भेजी गई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आग इमारत के मुख्य द्वार के पास लगी और धुआं अंदर फैल गया।
उन्होंने बताया कि घने धुएं के कारण इमारत के सामने से चढ़ना असंभव था लेकिन पुलिसकर्मियों और दमकल कर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए इमारत की रेलिंग का सहारा लेकर पहली मंजिल तक पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उन्होंने इमारत के पिछले हिस्से से रस्सियों, ग्रिलों और सीढ़ियों की मदद से ऊपरी मंजिल तक पहुंचकर फंसे हुए लोगों को बचाया। उन्होंने बताया, “बचाव दल ने तत्परता और बहादुरी से काम करते हुए अतिथि गृह से महिलाओं और अन्य निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ी घटना टल गई और आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।”
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, “पुलिस उपायुक्त (पूर्व) उन पुलिसकर्मियों, दमकल टीम और लोगों को प्रशंसा पत्र देंगे, जिन्होंने जलती हुई इमारत में घुसकर लोगों की जान बचाई।”
भाषा जितेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
