पुणे/पणजी, 20 मार्च (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को कहा कि वह नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए पुणे के एक निजी अस्पताल में एक दिन के लिए भर्ती हुए थे और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।
सावंत (52) ने बताया कि उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
पुणे के एक प्रमुख निजी अस्पताल ‘रूबी हॉल क्लिनिक’ के अध्यक्ष डॉ. परवेज ग्रांट ने बृहस्पतिवार को एक बयान में दावा किया था कि गोवा के मुख्यमंत्री ने यहां सफलतापूर्वक “एंजियोप्लास्टी प्रक्रिया” कराई।
एंजियोप्लास्टी हृदय की बंद या संकुचित धमनियों को खोलने की एक चिकित्सा प्रक्रिया है, जिससे रक्त प्रवाह को सामान्य किया जाता है।
पणजी में जारी एक वीडियो संदेश में सावंत ने कहा कि जब वह पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे में थे तो उन्होंने उक्त क्लिनिक में नियमित चिकित्सा जांच करवाई थी।
भारतीय जनता पार्टी के नेता ने स्पष्ट किया, ‘मुझे एक दिन के लिए अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।’
उन्होंने बताया कि उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई और वे अब पुणे में अपने परिवार के साथ हैं।
मुख्यमंत्री स्वयं एक योग्य आयुर्वेदिक चिकित्सक भी हैं।
उन्होंने कहा कि वह अपने स्वास्थ्य के बारे में सोशल मीडिया और अखबारों में फैलाई जा रही अफवाहों को पढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं अपने शुभचिंतकों और मीडिया के मित्रों को सूचित करना चाहता हूं कि मेरी सभी स्वास्थ संबंधी रिपोर्ट सामान्य हैं। मैं एक दिन में गोवा वापस आ जाऊंगा और नियमित काम शुरू करूंगा।’
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
