scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशआंध्र के मुख्यमंत्री ने बेमौसम बारिश के प्रभाव को कम करने के लिए दिए निर्देश

आंध्र के मुख्यमंत्री ने बेमौसम बारिश के प्रभाव को कम करने के लिए दिए निर्देश

Text Size:

अमरावती, 20 मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को अधिकारियों को बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को कम करने और राज्य भर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में आ रहे व्यवधान रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कई जिलों में तेज हवाओं, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन किया।

एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नायडू ने कहा, “अधिकारियों को फसल नुकसान का आकलन करने के लिए तत्काल उपाय करने चाहिए और प्रभावित किसानों को सहायता सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक आपूर्ति में किसी भी तरह के व्यवधान को रोकना चाहिए।”

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि 12 जिलों के 42 मंडलों में मक्का, धान और उड़द की फसल को करीब 40 करोड़ रुपये तक का नुकसान हुआ है।

उन्होंने बताया कि नौ जिलों के 48 मंडलों में केला, पपीता, मिर्च, सब्जियां, आम, संतरा और नींबू सहित बागवानी फसलें बेमौसम बारिश से प्रभावित हुईं हैं जिससे लगभग 23 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

नायडू ने एलपीजी आपूर्ति की स्थिति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को भविष्य में किसी भी व्यवधान से बचने और राज्य भर में सुचारू रूप से एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रणालियों को मजबूत करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों को राज्य में उर्वरक, पेट्रोल और डीजल की कमी से बचने के लिए केंद्र के साथ समन्वय करने को कहा है।

इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थानों और मंदिरों में एलपीजी आपूर्ति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments