scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशअसम विधानसभा चुनाव: बीपीएफ ने 11 उम्मीदवारों की घोषणा की

असम विधानसभा चुनाव: बीपीएफ ने 11 उम्मीदवारों की घोषणा की

Text Size:

कोकराझार (असम), 20 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 11 सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है जिनमें मौजूदा सरकार में पार्टी के एकमात्र मंत्री के अलावा पार्टी अध्यक्ष की पत्नी भी शामिल हैं।

पार्टी के तीन मौजूदा विधायकों में से एक दुर्गा दास बोरो का टिकट इस बार काट दिया गया।

बीपीएफ अध्यक्ष हाग्रामा मोहिलारी ने बृहस्पतिवार देर रात यहां उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।

इससे पहले दिन में राजग के अन्य सहयोगी दलों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और असम गण परिषद (अगप) ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की थी।

दो बार विधायक रहे कैबिनेट मंत्री चरण बोरो माजबाट निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। एक अन्य मौजूदा विधायक और वरिष्ठ नेता रबीराम नरजारी डोटमा सीट से पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

हाग्रामा मोहिलारी की पत्नी सेवली मोहिलारी कोकराझार सीट से पार्टी की उम्मीदवार बनाई गई हैं और इसके साथ ही वह राजनीति में कदम रखने जा रही हैं।

चुनावी मैदान में उतारे गए पूर्व विधायकों में रिहोन दैमारी (उदलगुरी), थानेश्वर बसुमतारी (मानस), मानेश्वर ब्रह्मा (बक्सा) और महेश्वर बोरो (भेरगांव) शामिल हैं।

हाल में बीपीएफ में शामिल हुए ऑल असम माइनॉरिटीज स्टूडेंट्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष रेजाउल करीम को पर्वतझोरा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

बीपीएफ के अन्य उम्मीदवारों में सबराम बसुमतारी (गोसाईगांव), रूपम रॉय (बाउखुंग्री) और पानीराम ब्रह्मा (सिडली-चिरांग) शामिल हैं।

असम में मतदान नौ अप्रैल को और मतगणना चार मई को होगी।

निवर्तमान विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 64 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी अगप के नौ, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के सात और बीपीएफ के तीन सदस्य हैं।

विपक्षी खेमे में कांग्रेस के 26 विधायक, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के 15 और माकपा का एक विधायक है। एक निर्दलीय सदस्य भी विधानसभा में है।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments