scorecardresearch
Tuesday, 24 March, 2026
होमदेशआंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री ने उगादि पर जनसंख्या वृद्धि एवं संयुक्त परिवार मूल्यों पर बल दिया

आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री ने उगादि पर जनसंख्या वृद्धि एवं संयुक्त परिवार मूल्यों पर बल दिया

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

अमरावती, 19 मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को राज्य की जनसंख्या बढ़ाने के उद्देश्य से एक जनसंख्या प्रबंधन नीति की घोषणा की तथा परिवार प्रणाली को मजबूत करने की जरूरत पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों की बेहतर देखभाल और सामाजिक स्थिरता बढ़ाने के लिए संयुक्त परिवार प्रणाली को पुनर्जीवित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विजयवाड़ा में सरकार द्वारा आयोजित उगादि समारोह को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा,‘‘जनसंख्या प्रबंधन नीति के माध्यम से, हम जनसंख्या बढ़ाने के लिए कदम उठा रहे हैं। हमें परिवारों और समाज में मूल्यों को फिर मजबूत करना चाहिए।’’

इस नीति के तहत, सरकार दो या तीन बच्चों वाले परिवारों को 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, घटती जन्म दर और बढ़ती उम्र वाली आबादी वैश्विक स्तर पर एक गंभीर चिंता का विषय बन रही है तथा यह प्रवृत्ति दक्षिण भारत में भी दिखने लगी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार नियोजन पर उनका दृष्टिकोण अब जनसंख्या प्रबंधन की एक व्यापक रणनीति में परिवर्तित हो गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जनसांख्यिकीय संतुलन बनाये रखने के लिए बड़े परिवार अत्यंत आवश्यक हैं।

उन्होंने कहा, “पहले मैं कहता था कि एक बच्चा आदर्श है, दो ठीक हैं और तीन उचित नहीं हैं। अब मैं इसे उलट रहा हूं, एक बच्चा पर्याप्त नहीं है, दो अच्छे हैं तथा तीन तो और भी बेहतर हैं।”

मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि जनसंख्या में लगातार गिरावट से भविष्य में मशीनों और स्वचालन का वर्चस्व हो सकता है, जिससे कार्यबल में इंसान की भागीदारी कम हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि सामाजिक स्थिरता बनाए रखने के लिए आदर्श रूप से एक दंपत्ति के 2.1 बच्चे होने चाहिए, लेकिन राज्य में यह दर घटकर लगभग 1.5 हो गई है, जिससे दीर्घकालिक जनसांख्यिकीय असंतुलन को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

उन्होंने मूल्यों पर आधारित जीवन शैली अपनाने और परिवार के करीबी सदस्यों के लिए सहारा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

नायडू ने सभी लोगों को आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ संयुक्त परिवार मूल्यों को बढ़ावा देने और ऐसी प्रणालियों को प्रोत्साहित करने वाले उपायों की योजना बनाने के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

अमरावती को ‘जनता की राजधानी’ बताते हुए उन्होंने कहा कि राजग सरकार समग्र विकास के लिए अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक योजनाओं को लागू कर रही है।

भाषा

राजकुमार रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments