चंडीगढ़, 18 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को हरियाणा के अपने उन पांच विधायकों में से चार के नाम बताए, जिन पर सोमवार को हुए राज्यसभा चुनाव में ‘क्रॉस-वोटिंग’ का आरोप है।
हरियाणा के प्रभारी कांग्रेस महासचिव बी के हरिप्रसाद ने नयी दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन चार विधायकों के नाम बताए जिन्होंने ‘क्रॉस-वोटिंग’ की थी।
हरिप्रसाद ने कहा, ‘‘भूपेंद्र सिंह हुड्डा और मैं पार्टी के अधिकृत एजेंट थे और हमने अपने विधायकों के हर मतपत्र को देखा था।’’
इसके बाद उन्होंने चार कांग्रेस विधायकों के नाम उजागर करते हुए कहा कि उन्होंने संसद के ऊपरी सदन के चुनावों में ‘क्रॉस-वोटिंग’ की थी।
हरिप्रसाद ने दावा किया, ‘‘नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी, साढौरा विधायक रेनू बाला, पुन्हाना से विधायक मोहम्मद इलियास और हथीन से विधायक मोहम्मद इसराइल। इन चारों विधायकों ने क्रॉस-वोटिंग की है।’’
विपक्षी दल ने पांचवें विधायक का नाम सार्वजनिक नहीं किया।
हरिप्रसाद ने कहा, ‘‘हमने हरियाणा कांग्रेस की अनुशासनात्मक समिति के अध्यक्ष धर्मपाल मलिक को इन विधायकों कारण बताओ नोटिस जारी करने और कार्रवाई करने का सुझाव दिया है।’’
चंडीगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने कहा कि पार्टी के पांच विधायकों ने ‘क्रॉस-वोटिंग’ की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान को इस घटनाक्रम की जानकारी दे दी गई है और वह जल्द ही कार्रवाई करेगा।
बुधवार को हरियाणा कांग्रेस के दो विधायकों गोकुल सेतिया और मंजू चौधरी ने पार्टी कार्यालय के बाहर धरना दिया और मांग की थी कि ‘क्रॉस-वोटिंग’ करने वालों के नाम सार्वजनिक किए जाएं।
कांग्रेस ने मंगलवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में ‘‘वोट चोरी’’ का आरोप लगाते हुए इसे ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ बताया था।
हरियाणा में दो राज्यसभा सीट के लिए मतदान सोमवार को हुआ था। भाजपा के संजय भाटिया ने एक सीट आसानी से जीत ली, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार करमवीर सिंह बौद्ध ने निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के खिलाफ करीबी मुकाबले में दूसरी सीट जीत ली। बौद्ध की जीत मामूली अंतर से हुई है।
भाषा देवेंद्र सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
