scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशबिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने प्रदर्शनकारी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने प्रदर्शनकारी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की

Text Size:

पटना, 18 मार्च (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को हड़ताल पर गए कई अंचल और राजस्व अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की।

करीब सभी 537 अंचलों के अधिकारी (सीओ) और अन्य कर्मचारी नौ मार्च से अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल फिर से शुरू कर चुके हैं। उनका आरोप है कि राज्य सरकार ने सिन्हा के साथ पूर्व में हुई वार्ता के दौरान दिए गए आश्वासनों का पालन नहीं किया, जिसके बाद पहले आंदोलन को स्थगित किया गया था।

अधिकारियों ने पहली बार दो फरवरी को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की थी। यह हड़ताल राज्य मंत्रिमंडल के 29 जनवरी के उस निर्णय के विरोध में थी, जिसमें उपसमाहर्ता भूमि सुधार (डीसीएलआर) के समकक्ष उप-मंडलीय राजस्व अधिकारी (एसडीआरओ) का नया पद सृजित करने का फैसला लिया गया था।

संवाददाताओं से बातचीत में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का प्रभार भी संभाल रहे सिन्हा ने कहा, ‘‘अररिया के अतिरिक्त जिला भू-अर्जन पदाधिकारी तथा पटना और पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन के अंचल अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।’’

उन्होंने कहा कि मुख्यालय में कार्यरत अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे सरकारी कामकाज में बाधा न आने दें और जो अधिकारी व्यवधान उत्पन्न करेंगे, उन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सिन्हा ने कहा, ‘‘सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोगों को भड़काने, गलत सूचना फैलाने और मीडिया के माध्यम से सरकार के खिलाफ नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’

हड़ताल दोबारा शुरू होने के बाद से ही उपमुख्यमंत्री लगातार ‘‘सरकारी काम में बाधा डालने वालों’’ के खिलाफ ‘‘कड़ी कार्रवाई’’ की चेतावनी देते रहे हैं।

भाषा कैलाश सुरभि

सुरभि

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments