उमरिया (मध्यप्रदेश), 18 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश में स्थित विश्वप्रसिद्ध बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य क्षेत्र में बुधवार को एक बाघिन की मौत हो गई। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बाघिन की मौत बीमारी के कारण हुई और सभी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में मृत बाघिन का निपटान किया जाएगा।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉक्टर अनुपम सहाय ने बताया कि मौत का प्राथमिक कारण ऐसी बीमारी प्रतीत होती है, जिसमें यकृत तथा तिल्ली प्रभावित होते हैं।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा पांच वर्षीय इस बाघिन के शरीर में आंतरिक रक्तस्राव के बारे में भी पता चला है।
उन्होंने कहा कि बाघिन के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं और प्रयोगशाला मे जांच के लिए नमूने एकत्र किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि विस्तृत विवरण प्रयोगशाला की जांच के बाद जारी किया जाएगा।
भाषा सं ब्रजेन्द्र
जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
