जम्मू, 18 मार्च (भाषा) सेना की उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने बुधवार को जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास अग्रिम चौकियों का दौरा किया और जवानों की अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की।
प्रतीक शर्मा ने जवानों की सतर्कता और पिछले सप्ताह घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के लिए उनकी सराहना की।
उत्तरी कमान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘ लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा ने ‘ऑपरेशन बलियान’ के सफल संचालन के बाद झांगर बटालियन का दौरा किया, जिसके सतर्क सैनिकों ने घुसपैठ के प्रयास को सफलतापूर्वक विफल किया।”
इसमें कहा गया, ‘सुरक्षा स्थिति और अभियानगत तैयारियों की समीक्षा करते हुए सेना कमांडर ने सभी रैंक के जवानों के साथ बातचीत की और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता सुनिश्चित करने के प्रति उनके पेशेवर रुख और दृढ़ प्रतिबद्धता की सराहना की।’
नौशेरा सेक्टर में 10 मार्च को नियंत्रण रेखा पर जवानों ने घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए भारी हथियारों से लैस एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया था।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
