scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशबोरदोलोई ‘निजी कारणों से नाराज’ हैं, भाजपा में उनका शामिल होना दुर्भाग्यपूर्ण : गौरव गोगोई

बोरदोलोई ‘निजी कारणों से नाराज’ हैं, भाजपा में उनका शामिल होना दुर्भाग्यपूर्ण : गौरव गोगोई

Text Size:

गुवाहाटी, 18 मार्च (भाषा) असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने लोकसभा सदस्य प्रद्युत बोरदोलोई के पार्टी से इस्तीफे और उसके बाद भाजपा में शामिल होने को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता ‘निजी कारणों से नाराज’ थे।

गोगोई ने कहा कि बोरदोलोई के बेटे नौ अप्रैल को होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी हैं और उनके किसी भी निर्णय से वह केंद्रीय नेतृत्व को सूचित करेंगे।

कांग्रेस के सदस्य रहे और विधानसभा चुनावों के लिए घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष रहे बोरदोलोई बुधवार को दिल्ली में भाजपा में शामिल हो गए।

बोरदोलोई ने दावा किया कि पार्टी में उन्हें अपमान का सामना करना पड़ा और शशि थरूर की पार्टी अध्यक्ष पद की उम्मीदवारी का समर्थन करने के बाद उन्हें दरकिनार कर दिया गया था। सांसद ने कहा कि इसलिए मंगलवार को उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया।

गोगोई ने दिल्ली से डिब्रूगढ़ पहुंचने के बाद संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस ने उन्हें पिछले लोकसभा चुनाव में टिकट दिया था और आगामी विधानसभा चुनाव में उनके बेटे को मैदान में उतारा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बोरदोलोई के बेटे प्रतीक की उम्मीदवारी के संबंध में कहा कि वह जो भी निर्णय लेंगे, ‘‘मैं उससे पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करा दूंगा। मुझे उनके प्रति सहानुभूति है और मैं उन्हें नैतिक समर्थन दूंगा।’’

कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की जारी पहली सूची में मार्गेरिटा सीट से प्रतीक बोरदोलोई को उतारने की घोषणा की थी।

गोगोई ने कहा, ‘‘बोर्दोलोई का भाजपा में शामिल होना दुर्भाग्यपूर्ण है। वे निजी कारणों से नाराज हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज होगी और संभवतः कांग्रेस उम्मीदवारों की तीसरी सूची आज रात जारी कर दी जाएगी।’’

लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता ने कहा कि विधानसभा चुनाव असम का भविष्य तय करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘इस चुनाव का मुख्य मुद्दा यह है कि राज्य की जनता हिमंत विश्व शर्मा को मुख्यमंत्री के रूप में नहीं चाहती बल्कि उनसे छुटकारा चाहती है।’’

गोगोई ने दावा किया कि यह चुनाव किसी एक राजनीतिक दल के बारे में नहीं है बल्कि शर्मा के बारे में है जो केवल अपने परिवार को प्राथमिकता देते हैं।

भाषा धीरज नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments