कोटा, 18 मार्च (भाषा) लद्दाख की सड़क यात्रा से लौटे पुणे के तीन दोस्तों की कार बुधवार को यहां दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। इस हादसे में तीनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक सिद्धांत अल्लात (21), कुणाल चोरडिया (25) और मयूरेवा पाडले (23) महाराष्ट्र के पुणे शहर के निवासी थे और लद्दाख व जम्मू कश्मीर की अपनी यात्रा से सात अन्य दोस्तों के साथ लौट रहे थे। कैथून थाना क्षेत्र के अंतर्गत बालापुरा गांव के पास पूर्वाह्न लगभग 10:30 बजे यह दुर्घटना हुई।
दस सदस्यीय समूह 26 फरवरी को यात्रा के लिए रवाना हुआ था और ये सभी तीन कारों में सवार थे। बुधवार सुबह वापसी यात्रा के दौरान दो कार तो एक्सप्रेसवे पर एक विश्राम स्थल पर रुकीं, लेकिन तीसरी में सवार युवक नहीं ठहरें और घर के लिए यात्रा जारी रखीं।
कैथून के थाना प्रभारी मनोज सिकरवाल ने बताया कि चालक को गाड़ी चलाते समय नींद आ गई, जिसके कारण वाहन सड़क से उतरकर डिवाइडर से टकराया और फिर फ्लाईओवर से नीचे गिर गया।
अधिकारी ने बताया कि नीचे गिरते ही कार के पऱखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों को गंभीर चोटें आईं। सभी को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि शवों को कैथून के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
