scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमदेशइंदौर में कार के ‘चार्जिंग प्वाइंट’ में हुए धमाके के बाद मकान में आग लगी, सात लोगों की मौत

इंदौर में कार के ‘चार्जिंग प्वाइंट’ में हुए धमाके के बाद मकान में आग लगी, सात लोगों की मौत

Text Size:

इंदौर (मध्यप्रदेश), 18 मार्च (भाषा) इंदौर में बुधवार तड़के तीन मंजिला मकान के बाहर स्थित ‘इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग प्वाइंट’ में धमाके के बाद मकान में आग लग जाने से सात लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कुंदन मंडलोई ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में एक मकान में बुधवार तड़के साढ़े तीन बजे से साढ़े चार बजे के बीच आग लगी।

उन्होंने बताया कि आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई।

एसीपी ने बताया कि इस घटना के बाद एक बच्चे के लापता होने की सूचना मिली है और उसकी तलाश की जा रही है।

शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया कि इस घटना में मारे गए सात लोगों के शव एक सरकारी अस्पताल में लाए गए।

उन्होंने कहा, ‘‘अग्निकांड के दौरान बचाए गए दो लोगों को भी अस्पताल लाया गया था। उन्होंने प्राथमिक उपचार के बाद अपना इलाज दूसरे अस्पताल में कराने की इच्छा जताई जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।’

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तीन मंजिला मकान के बाहर एक कार को बिजली से चार्ज किया जा रहा था।

उन्होंने कहा, ‘चार्जिंग प्वाइंट में धमाका हुआ और इसके बाद कार में लगी आग ने मकान को अपनी जद में ले लिया।’

उन्होंने बताया कि घर के दरवाजों पर इलेक्ट्रॉनिक ताले लगे थे और इस कारण पुलिस को दरवाजे तोड़कर अंदर जाने में मुश्किल पेश आई।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि घर के भीतर रखे रसोई गैस सिलेंडरों में भी धमाके हुए जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया।

उन्होंने बताया, ‘‘आग लगने के दौरान घर में फंसे तीन लोगों को बाहर निकालकर बचाया गया।’’

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने के दौरान घर में करीब 10 लोगों के होने की सूचना मिली है।

भाषा हर्ष सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments