scorecardresearch
Monday, 6 April, 2026
होमदेशमोदी ने यूएई के राष्ट्रपति से बात की, होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही पर जोर

मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति से बात की, होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही पर जोर

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान से फोन पर बात कर पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की और होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित व निर्बाध आवाजाही के महत्व पर सहमति जताई।

बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई पर हुए सभी हमलों की कड़ी निंदा की और पश्चिम एशिया में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए मिलकर काम जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान से बात की और उन्हें ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की।’’

मोदी ने नाह्यान के साथ बातचीत में दोहराया कि भारत यूएई पर हुए सभी हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें लोगों की जान गई और आम लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

उन्होंने कहा, ‘‘(हम) इस बात पर सहमत हुए कि होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना बहुत जरूरी है। हमने यह भी तय किया कि पश्चिम एशिया में जल्द से जल्द शांति, सुरक्षा और स्थिरता बहाल करने के लिए वे मिलकर काम करते रहेंगे।’’

अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद से यह दूसरी बार है जब मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति से बातचीत की है।

ईरान ने अमेरिका और इजराइल के जवाब में कई खाड़ी देशों पर हमले किए हैं।

मौजूदा संघर्ष शुरू होने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया के कई देशों के नेताओं से भी बात की है, जिनमें सऊदी अरब, बहरीन, कुवैत, ओमान, जॉर्डन, इजराइल और ईरान के नेता शामिल हैं।

भाषा खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments