पटना, 17 मार्च (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में आयोजित दो-दिवसीय ‘महिला रोजगार मेला-2026’ में 6,000 से अधिक महिलाओं को रोजगार मिला। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
महिला एवं बाल विकास निगम (डब्ल्यूसीडीसी) की तरफ से आयोजित रोजगार मेला में कुल 18,500 महिलाओं ने पंजीकरण कराया था। इस मेले में शामिल खुदरा, विनिर्माण, लॉजिस्टिक, इलेक्ट्रिक एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, सौंदर्य एवं देखभाल और कपड़ा समेत विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
समाज कल्याण विभाग की सचिव वंदना प्रेयशी ने संवाददाताओं से कहा, “ज्ञान भवन में आयोजित दो-दिवसीय ‘महिला रोजगार मेला-2026’ में लगभग 6,120 महिलाओं को रोजगार मिला। इनमें स्वास्थ्य क्षेत्र में सर्वाधिक 1,228 महिलाओं को नियुक्ति मिली है।”
उन्होंने कहा कि मेले के दूसरे दिन महिलाओं की भीड़ और साक्षात्कार के प्रति उत्साह में वृद्धि देखी गई, जो इस बात का संकेत है कि महिलाएं पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ अवसरों का लाभ उठा रही हैं।
प्रेयशी ने कहा, “रोजगार मेला ने यह साबित किया कि जब सही अवसर मिलते हैं तो सपने साकार होते हैं। मेले में शामिल महिलाओं के चेहरों पर आत्मविश्वास, खुशी और नए भविष्य की झलक साफ दिखी। यह राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-3’ अभियान का हिस्सा है।”
उन्होंने बताया कि ‘सात निश्चय-3’ का उद्देश्य ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के तहत राज्य के सभी नागरिकों, विशेषकर महिलाओं के जीवन को सरल बनाना और उनकी समस्याओं को कम करना है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों की भागीदारी से महिलाओं को अपनी रुचि और कौशल के अनुसार करियर चुनने का अवसर मिला, जहां हर महिला अपने सपनों को नई दिशा देती नजर आई।
मेले के समापन अवसर पर बिहार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह और युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सचिव कौशल किशोर समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
भाषा कैलाश
रवि कांत प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
