अलीगढ़ (उप्र), 17 मार्च (भाषा) अलीगढ़ जिले के क्वारसी थानाक्षेत्र स्थित एक अस्पताल में भर्ती मरीज को हथियारबंद दो बदमाशों ने गोलीबारी कर घायल कर दिया। यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने आज यहां बताया कि गोलीबारी की यह घटना क्वारसी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक अस्पताल में हुई। पुलिस ने बताया कि घायल व्यक्ति को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर है।
अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नीरज कुमार जादौन ने पत्रकारों को बताया कि हमले में घायल वेदपाल (32) खैर थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी है।
उन्होंने पीड़ित के परिवार से मिली जानकारी के हवाले से बताया कि पीड़ित की पड़ोसी मथुरा जिले की एक लड़की से दोस्ती थी और जल्द ही उससे शादी करने की योजना बना रहे थे। उन्होंने बताया कि इसी बीच लड़की के परिवार और उसके पिता (पुलिसकर्मी) ने इस प्रस्ताव का विरोध किया और पिछले महीने उसकी शादी कहीं और करवा दी।
उन्होंने बताया कि पीड़ित के परिवार से मिली जानकारी के हवाले से बताया कि वेदपाल अब भी उस लड़की से संपर्क करना चाहता था और पिछले महीने जब वह लड़की के परिवार से मिलने गया तो उसके परिवार ने उसे बुरी तरह पीटा और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले उसे पिटाई में लगी चोटों के ऑपरेशन के लिए यहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है और उनमें से एक लड़की का भाई है। उन्होंने बताया कि वह भी पड़ोसी जिले में तैनात पुलिसकर्मी है।
एसएसपी नीरज कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस मुख्यालय को दे दी गई है ताकि अपराध में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि लड़की के पिता बागपत जिले में तैनात एक पुलिसकर्मी हैं और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस दो हमलावरों की तलाश कर रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किये जाने की उम्मीद है।
भाषा सं आनन्द अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
