नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) बिहार के सर्वाधिक समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। बिहार, ओडिशा और हरियाणा में 11 सीट पर हुए चुनाव में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने शानदार प्रदर्शन किया।
राज्यसभा की कुल 37 रिक्त सीट में से केवल बिहार, ओडिशा और हरियाणा की 11 सीट पर चुनाव हुए, जबकि बाकी सदस्य पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
सोमवार रात घोषित परिणामों के अनुसार, राजग ने आठ सीट जीतीं, जिनमें एक उसके द्वारा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल है, जबकि बीजद ने एक सीट हासिल की। हरियाणा की दो सीट पर मतगणना में अनियमितताओं के आरोपों के कारण देरी हुई है।
राजग ने बिहार की सभी पांच सीट जीत लीं।
नीतीश कुमार और नितिन नवीन के अलावा विजयी उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं, जो दोनों मौजूदा सांसद हैं और दोबारा निर्वाचित हुए हैं। भाजपा के शिवेश कुमार पहली बार राज्यसभा में प्रवेश करेंगे।
वहीं, निवर्तमान सांसद अमरेंद्र धारी सिंह चुनाव हार गए, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने दावा किया कि उन्हें ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के पांच विधायकों और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक विधायक का समर्थन मिला।
ओडिशा की चार सीट के लिए हुए चुनाव में कुल पांच उम्मीदवार मैदान में थे। क्रॉस-वोटिंग के बीच भाजपा ने तीन सीट जीतीं। कम से कम पांच विधायकों ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के पक्ष में मतदान किया। इन विधायकों में तीन कांग्रेस और दो बीजू जनता दल (बीजद) के हैं।
चुने गए उम्मीदवारों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, मौजूदा राज्यसभा सदस्य सुजीत कुमार, बीजद के संतृप्त मिश्रा और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप राय शामिल हैं। कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) समर्थित बीजद उम्मीदवार प्रख्यात डॉ. दत्तेश्वर होता पांचवें उम्मीदवार थे।
निर्वाचन अधिकारी और ओडिशा विधानसभा सचिव सत्यव्रत राउत ने नवनिर्वाचित चारों सदस्यों को प्रमाणपत्र सौंपे।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने भाजपा और पार्टी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार को जीत पर बधाई दी।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘राज्यसभा चुनाव में विजयी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, वरिष्ठ नेता सुजीत कुमार और पार्टी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय को हार्दिक बधाई।’’
हरियाणा में सोमवार को राज्यसभा की दो सीट पर चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस की ओर से मतदान की गोपनीयता के उल्लंघन का आरोप लगाए जाने के बाद मतगणना में देरी हुई।
शाम चार बजे मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद मतगणना शाम पांच बजे के लिए निर्धारित की गई थी।
इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में वैध मतों को अवैध ठहराने की कोशिश की जा रही है, जिसे रोका जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि आयोग इस मामले पर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल को मिलने का समय दे।
पत्र में खरगे में कहा, ‘‘यह चुनाव की शुचिता में हस्तक्षेप करने का एक स्पष्ट प्रयास है और इसे ईसीआई द्वारा तुरंत रोका/समाधान किया जाना चाहिए। इसके अलावा, हमारे वैध मतों को अमान्य ठहराने की अनुमति नहीं दी जा सकती, जो स्पष्ट रूप से प्रक्रिया को कलंकित करने/उसे पटरी से उतारने का एक प्रयास है।’’
महाराष्ट्र में सभी सात उम्मीदवार-छह महायुति गठबंधन से और विपक्षी महा विकास आघाडी के शरद पवार निर्विरोध चुने गए।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के चार और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा निर्विरोध चुने गए।
तेलंगाना में कांग्रेस के अभिषेक सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
तमिलनाडु में छह उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, जिनमें ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक), पीएमके, द्रमुक और कांग्रेस के उम्मीदवार शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के करीबी कांग्रेस उम्मीदवार अनुराग शर्मा निर्वाचित हुए।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
