भोपाल, 16 मार्च (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को कहा कि उसने मध्यप्रदेश में स्थित एक खाद्य कंपनी के मालिक और प्रबंध निदेशक को कथित रूप से मिलावटी डेयरी उत्पाद बेचने के मामले में गिरफ्तार किया है।
एजेंसी के अनुसार, जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (जेजीएफपीपीएल) के मालिक किशन मोदी को 13 मार्च को हिरासत में लेकर 14 मार्च को भोपाल की विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें 18 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया।
ईडी ने एक बयान में कहा कि कंपनी ‘मिल्क मैजिक’ ब्रांड नाम से डेयरी उत्पादों की आपूर्ति करती थी । बयान के अनुसार कंपनी पर दूध की वसा के स्थान पर पाम ऑयल तथा अन्य हानिकारक रसायनों का उपयोग करके मिलावटी डेयरी उत्पाद बनाने का आरोप है।
एजेंसी के मुताबिक ये उत्पाद घरेलू बाजार के साथ-साथ कई देशों में निर्यात भी किए गए।
ईडी ने कहा कि निर्यात की अनुमति प्राप्त करने के लिए इंदौर में स्थित निर्यात निरीक्षण एजेंसी (ईआईए) को प्रतिष्ठित प्रयोगशालाओं के कथित रूप से जाली परीक्षण रिपोर्ट सौंपे गए।
एजेंसी के अनुसार इनमें से कई रिपोर्ट फर्जी पाई गईं और संबंधित प्रयोगशालाओं ने इन्हें जारी नहीं किया था।
ईडी ने आरोप लगाया कि इस कथित अवैध गतिविधि के जरिये कंपनी ने लगभग 20.59 करोड़ रुपये की धनराशि का धनशोधन किया।
यह धन शोधन मामला अगस्त 2023 में भोपाल पुलिस द्वारा कंपनी और उसके प्रवर्तकों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है।
भाषा दिमो
जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
