scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशअर्थजगतसेबी ने ट्रैवलस्टैक, लर्नफ्लूएंस और टी पोस्ट को दी आईपीओ के लिए मंजूरी

सेबी ने ट्रैवलस्टैक, लर्नफ्लूएंस और टी पोस्ट को दी आईपीओ के लिए मंजूरी

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) बाजार नियामक सेबी ने ट्रैवलस्टैक, लर्नफ्लूएंस एजुकेशन और टी पोस्ट को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये धन जुटाने की मंजूरी दे दी है।

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की ओर से अद्यतन जानकारी ने अनुसार, इसी के साथ रेज़ पावर इन्फ्रा, मधुर आयरन एंड स्टील और अर्जुन ज्वेलर्स के दस्तावेज नौ से 13 मार्च के बीच वापस ले लिए गए या लौटा दिए गए।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण भारतीय शेयर बाजार दबाव में हैं।

सेबी के आंकड़ों के अनुसार, यात्रा प्रौद्योगिकी कंपनी ट्रैवलस्टैक टेक, ‘लक्ष्य’ कोचिंग सेंटर संचालित करने वाली लर्नफ्लूएंस एजुकेशन और टी पोस्ट ने जून से दिसंबर के बीच अपने आईपीओ दस्तावेज जमा किए थे और उन्हें 10 से 11 मार्च के दौरान नियामकीय की ओर से टिप्पणियां मिल गईं।

ट्रैवलस्टैक टेक के प्रस्तावित आईपीओ में 250 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे और इसके साथ प्रवर्तकों व अन्य शेयरधारकों द्वारा 2,68,52,969 शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी लाई जाएगी।

लर्नफ्लूएंस एजुकेशन के प्रस्तावित आईपीओ में 246 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी होंगे और 40 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश होगी।

टी पोस्ट के आईपीओ में 1.43 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और 1.43 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश भी शामिल होगी।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments