हरदोई (उप्र), 16 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई और उसके दो बेटे गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक अरवल थाना क्षेत्र के खैरुद्दीनपुर राजा साहब गांव निवासी अवधेश सिंह (45) रविवार सुबह अपने दो नाबालिग बेटों शोभित (11) और अमन (आठ) के साथ खेत पर गए थे और आलू की फसल को बारिश से बचाने के लिए वह लोग पन्नी ढक रहे थे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी।
उन्होंने बताया कि बिजली गिरने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए, उन्हें तुरंत हरपालपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने अवधेश सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों बेटों का इलाज जारी है।
मृतक के पिता रामसिंह ने बताया कि अवधेश परिवार का मुख्य सहारा था। अरवल थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
