scorecardresearch
Sunday, 15 March, 2026
होमदेशसीबीआई ने करूर भगदड़ मामले में टीवीके के प्रमुख विजय से सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की

सीबीआई ने करूर भगदड़ मामले में टीवीके के प्रमुख विजय से सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पिछले साल तमिलनाडु के करूर में टीवीके की रैली के दौरान भगदड़ मचने से 41 लोगों की मौत के मामले में रविवार को यहां अपने मुख्यालय में पार्टी के प्रमुख और अभिनेता विजय से सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की।

अधिकारियों ने बताया कि विजय पूछताछ और अन्य संबंधित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शाम करीब छह बजे एजेंसी के मुख्यालय से रवाना हुए। विजय से तीसरी बार पूछताछ की गई है। जनवरी में दो बार उनसे पूछताछ की जा चुकी है।

अधिकारियों ने कहा कि इससे पहले विजय को नौ मार्च को पेश होने के लिए कहा गया था, हालांकि उन्होंने 15 दिन की मोहलत मांगी थी।

अभिनेता ने आगामी विधानसभा चुनावों से संबंधित राजनीतिक कार्यक्रमों का हवाला देते हुए चेन्नई या तमिलनाडु में किसी कार्यालय में पूछताछ करने का भी अनुरोध किया था। हालांकि, एजेंसी ने दोनों अनुरोध खारिज करते हुए अभिनेता को रविवार को यहां मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा था।

अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने करूर से द्रमुक के विधायक सेंथिल बालाजी को भी पूछताछ के लिए 17 मार्च को पेश होने के लिए कहा है।

सीबीआई ने उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर इस मामले की जांच का जिम्मा संभाला था और फिलहाल 27 सितंबर, 2025 को हुई घटना से संबंधित साक्ष्य जुटा रही है। इससे पहले एसआईटी मामले की जांच कर रही थी। तमिलनाडु के करूर में विजय की रैली के दौरान भगदड़ मचने से 41 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हो गए थे।

उच्चतम न्यायालय ने पिछले साल अक्टूबर में सीबीआई निदेशक को जांच का जिम्मा संभालने के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त करने को कहा था और एजेंसी की जांच की निगरानी के लिए उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अजय रस्तोगी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया था।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments