scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमदेशपलानीस्वामी ने विजय के नेतृत्व वाली टीवीके से गठबंधन की संभावना को खारिज किया

पलानीस्वामी ने विजय के नेतृत्व वाली टीवीके से गठबंधन की संभावना को खारिज किया

Text Size:

चेन्नई, 15 मार्च (भाषा) ऑल इंडिया अन्नाद्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ई. के. पलानीस्वामी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए विजय के नेतृत्व वाली नवगठित तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ गठबंधन की संभावना को खारिज कर दिया और इसे महज मीडिया की अटकलें बताया है।

पलानीस्वामी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता के. अन्नामलाई के साथ किसी भी तरह के मतभेद से इनकार किया और कहा कि मीडिया ही ‘‘समस्या पैदा कर रहा है’’। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भाजपा की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष 17 मार्च को कोयंबटूर में होने वाले प्रदर्शन की अध्यक्षता करने वाले हैं और उनके साथ अन्नाद्रमुक नेता एस.पी. वेलुमणि भी मोजूद रहेंगे।

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता ने मीडिया से अपील की है कि वे उनके और अन्नामलाई के बीच मतभेद का दावा करके परेशानी पैदा न करें।

यह पूछे जाने पर कि क्या अभिनेता से नेता बने विजय की टीवीके राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होगी या नहीं, पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘मैंने पहले ही स्पष्ट कर दिया है। अब तक हमारी उनसे (टीवीके से) कोई बातचीत नहीं हुई है। ऐसे में गठबंधन कैसे हो सकता है? मीडिया इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है और यह अनावश्यक दावा कर रहा है कि गठबंधन होगा (टीवीके, राजग गठबंधन में शामिल होगी)। अन्नाद्रमुक का उस पार्टी से कोई संपर्क नहीं है और हमने (गठबंधन के लिए) कोई बातचीत नहीं की है।’’

विपक्ष के नेता ने यह टिप्पणी 14 मार्च को मीडिया संस्थान ‘चाणक्य’ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र में भाग लेते हुए की।

तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक, राजग का नेतृत्व कर रही है।

अन्नाद्रमुक प्रमुख ने कहा कि अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) प्रमुख टीटीवी दिनाकरण के साथ उनके अच्छे संबंध हैं और दोनों चुनाव में जीत के लिए मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मामूली मतभेद स्वाभाविक थे और अब वे सुलझ गए हैं।

भाषा यासिर सुरभि

सुरभि

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments