बासेल, 14 मार्च (भाषा) भारत के थारुन मन्नेपल्ली के इंडोनेशिया के एंथोनी सिनिसुका गिंटिंग से तीन गेम तक चले क्वार्टर फाइनल के रोमांचक मुकाबले में हारने के साथ ही स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौती भी समाप्त हो गई।
विश्व रैंकिंग में 43वें स्थान पर काबिज भारतीय खिलाड़ी मन्नेपल्ली को 250,000 अमेरिकी डॉलर इनामी टूर्नामेंट में गिंटिंग से 19-21 21-19 13-21 से हार का सामना करना पड़ा। गिंटिंग पिछले साल पीठ की समस्या से परेशान रहे थे और वह इस चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं।
गिंटिंग ने शुरुआत में ही 6-2 की बढ़त बना ली, हालांकि मन्नेपल्ली ने वापसी करते हुए स्कोर 11-11 से बराबर कर दिया, लेकिन इंडोनेशियाई खिलाड़ी ने 16-12 की बढ़त बनाई और फिर चार गेम प्वाइंट हासिल किए। मन्नेपल्ली ने तीन गेम प्वाइंट बचाए लेकिन इंडोनेशिया का खिलाड़ी पहला गेम जीतने में सफल रहा।
दूसरे गेम में मन्नेपल्ली ने 6-6 की बराबरी से आगे निकलते हुए पहले 11-7 और फिर 19-13 की बढ़त हासिल कर ली।
गिंटिंग ने इसके बाद शानदार वापसी की और लगातार छह अंक हासिल कर 19-19 से स्कोर बराबर कर लिया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपना संयम बनाए रखा और मैच को निर्णायक गेम तक खींच दिया।
तीसरे गेम में गिंटिंग ने मन्नेपल्ली को बहुत कम मौके दिए। उन्होंने शुरू से आखिर तक बढ़त बनाए रखी और मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
भाषा
पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
