scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशगुजरात : 183 करोड़ रुपये के डिजिटल पोंजी घोटाले में दो आरोपी गिरफ्तार

गुजरात : 183 करोड़ रुपये के डिजिटल पोंजी घोटाले में दो आरोपी गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को बताया कि लगभग 183 करोड़ रुपये के डिजिटल पोंजी निवेश घोटाले के मामले में दो फरार आरोपियों को गुजरात के भरूच जिले से गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी दुबई से नेपाल के रास्ते भारत लौटने के बाद वहां छिपे हुए थे।

ईडी के अनुसार, सुधीर दलसुखभाई कोटाडिया और उमंग शांतिभाई कोटाडिया को 11 मार्च को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हिरासत में लिया गया।

ईडी ने एक बयान में कहा कि वे क्यूएफओएन ऐप लिमिटेड और उससे जुड़ी अन्य संस्थाओं के जरिए चलाए जा रहे कथित फर्जी डिजिटल निवेश (पोंजी) योजना से संबंधित मामले में आरोपी हैं।

मुंबई की एक विशेष पीएमएलए अदालत ने दोनों आरोपियों को 20 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है।

ईडी की जांच दिसंबर 2024 में ठाणे पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी से शुरू हुई थी। इस मामले में जयसुख सखारिया और अन्य आरोपियों के साथ इन दोनों पर डिजिटल पोंजी निवेश योजना चलाने का आरोप है।

ईडी के अनुसार दोनों आरोपी जांच से बचने के लिए फरार हो गए थे और दुबई (यूएई) चले गए थे। बाद में वे नेपाल के रास्ते भारत लौटे और भरूच में छिपे हुए थे। एजेंसी ने खुफिया सूचनाओं और लगातार प्रयासों के आधार पर उनकी लोकेशन का पता लगाया और भरूच में छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

एजेंसी ने इस मामले में अब तक 183 करोड़ रुपये की अपराध से हुई आय का पता लगाया है।

भाषा रवि कांत प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments