जयपुर, 13 मार्च (भाषा) राजस्थान के सरकारी स्कूल की तीन होनहार छात्राओं को प्रधानाचार्य ने अपने खर्चे से हेलीकॉप्टर की सैर करवाकर उनके एक सपने को पूरा किया।
कक्षा ‘टेस्ट’ में अव्वल रहने वाली इन तीन छात्राओं ने शुक्रवार को हेलीकॉप्टर में बैठकर जयपुर का भ्रमण किया।
डीडवाना-कुचामन जिले के केराप गांव में राजकीय महात्मा गांधी स्कूल की तीन होनहार छात्राओं ने जयपुर के पास चौमूं से (प्रधानाचार्य) राजेंद्र ढाका के साथ हेलीकाप्टर की सैर की।
लगभग आधे घंटे की हवाई यात्रा में छात्राओं ने राजधानी जयपुर को आसमान से देखा तो उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।
ढाका ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस यात्रा का सारा प्रबंधन व खर्च उन्होंने निजी स्तर पर किया।
उन्होंने बताया कि इस सारी यात्रा पर लगभग एक लाख रुपए का खर्च आया।
प्रधानाचार्य ने बताया कि स्कूल की आठवीं कक्षा की छात्रा खुशी मेघवाल, रंजना नायक और ज्योति ने हाल ही में बोर्ड परीक्षा से पहले एक ‘टेस्ट’ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया था।
उन्होंने बताया कि जब छात्राओं से पूछा गया कि वे पुरस्कार के रूप में क्या चाहती हैं, तो तीनों ने मजाक में कहा कि उन्हें हेलिकॉप्टर में घूमना है।
ढाका ने कहा, “बच्चियों व उनके माता पिता को भरोसा ही नहीं था कि ऐसा सच में होगा।”
उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे समाज में अच्छा संदेश जाएगा और बच्चियां भी आगे अधिक लगन से पढ़ाई को प्रोत्साहित होंगी।
छात्रा ज्योति ने मुस्कुराते हुए कहा, “सर ने हमसे पूछा था कि हमारी क्या इच्छा है तो हमने बताया कि हमारी हेलीकाप्टर में बैठने की इच्छा है। हमने सोचा कि सर मजाक कर रहे हैं। पर एक दिन हमारे घर आए और कहा कि आपको हेलीकाप्टर में घुमाया जाएगा। हमें आश्चर्य हुआ पर आज हम यहां घूमने आए।”
छात्रा खुशी ने कहा कि सभी को बहुत अच्छा लग रहा है।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
