नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) दिल्ली में संसद भवन परिसर के पास स्थित परिवहन भवन में तैनात एक केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) जवान को शुक्रवार को कथित तौर पर सरकारी अधिकारियों को ले जाने वाली एक कार के चालक ने टक्कर मार दी।
अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना में सीआईएसएफ कर्मी को मामूली चोटें आई हैं और वह सुरक्षित हैं।
यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे ‘अत्यधिक संवेदनशील’ क्षेत्र में घटी, जिससे संसद सत्र के सुबह 11 बजे शुरू होने से ठीक पहले हलचल मच गई।
परिवहन भवन में पंजीकृत और संबंधित सरकारी स्टिकर लगी एक कार के चालक ने प्रवेश करते समय मुख्य द्वार पर ड्यूटी पर तैनात दो सशस्त्र जवानों में से एक को टक्कर मार दी।
कार में कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था।
अधिकारियों ने बताया कि ‘लापरवाह’ चालक वाहन को सही तरीके से मोड़ नहीं सका और कांस्टेबल सूरज कुमार को टक्कर मार दी।
अधिकारियों ने बताया कि ड्राइवर को सेवा से हटा दिया गया है।
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
