नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) दिल्ली में लड़कों के एक समूह ने बृहस्पतिवार देर रात जामिया मिलिया इस्लामिया (जेएमआई) विश्वविद्यालय के लड़कियों के छात्रावास परिसर में कथित तौर पर प्रवेश किया और परिसर में मारपीट की।
विद्यार्थियों का दावा है कि सुरक्षा में सेंधमारी की यह कोई नयी नहीं, बल्कि एक नियमित घटना है।
घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लड़कों का एक समूह आपस में लड़ता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि एक सुरक्षाकर्मी उन्हें परिसर से बाहर निकालने की कोशिश कर रहा है।
‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करती है।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस घटना पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली और पुलिस ने इस संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) पर कोई सूचना प्राप्त नहीं होने की पुष्टि की है।
छात्रावास में रहने वाली बीए की छात्रा सान्या के अनुसार, बृहस्पतिवार रात करीब 9:30 बजे कम से कम पांच से छह लड़के परिसर में घुस आए।
इसी बीच, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की जेएमआई इकाई ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर घटना की निंदा की और विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल जांच की मांग की।
भाषा यासिर सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
