scorecardresearch
Sunday, 15 March, 2026
होमदेशस्वास्थ्य मंत्री पर हमला मामले में जेल से रिहा होने के बाद केएसयू कार्यकर्ताओं का स्वागत

स्वास्थ्य मंत्री पर हमला मामले में जेल से रिहा होने के बाद केएसयू कार्यकर्ताओं का स्वागत

Text Size:

कन्नूर (केरल), 13 मार्च (भाषा) स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज की हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किए गए केरल स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) के पांच कार्यकर्ताओं का शुक्रवार को जेल से बाहर आने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

थलास्सेरी सत्र अदालत ने बृहस्पतिवार को केएसयू कार्यकर्ताओं अतुल एम सी, अक्षय वी वी, बिथुल बालन, अहमद यासीन और मुबास सी एच को जमानत दे दी थी।

उन पर 25 फरवरी को कथित चिकित्सा लापरवाही की घटनाओं के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कन्नूर रेलवे स्टेशन पर मंत्री की हत्या के प्रयास सहित कई आरोपों में मामला दर्ज किया गया था।

केएसयू कांग्रेस का छात्र संगठन है।

केएसयू कार्यकर्ताओं की रिहाई के समय कन्नूर उप-जेल के सामने बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जमा हो गए। उन्होंने केएसयू कार्यकर्ताओं को माला और शॉल भेंट किए।

अपनी गिरफ्तारी के विरोध में काली कमीज पहने कार्यकर्ताओं ने बाद में कन्नूर शहर में एक मार्च में भाग लिया।

पत्रकारों से बात करते हुए अतुल ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि उनकी गिरफ्तारी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी सरकार द्वारा राजनीतिक प्रतिशोध का मामला है।

उन्होंने कहा, ‘जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय स्तर पर विरोध प्रदर्शनों को दबा रहे हैं, उसी प्रकार केरल की वामपंथी सरकार भी असहमति को दबाने का प्रयास कर रही है। वास्तव में, उन्हें अब वामपंथी सरकार नहीं कहा जा सकता; वे एक अति दक्षिणपंथी शासन की तरह व्यवहार कर रहे हैं।’

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी गिरफ्तारी की पूरी घटना केरल विधानसभा अध्यक्ष ए एन शमशीर द्वारा रची गई थी।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments