scorecardresearch
Friday, 13 March, 2026
होमदेशअर्थजगतपिछले दो हफ्तों में निवेशकों की संपत्ति 33.68 लाख करोड़ रुपये घटी

पिछले दो हफ्तों में निवेशकों की संपत्ति 33.68 लाख करोड़ रुपये घटी

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से घरेलू शेयर बाजार में जारी गिरावट के बीच निवेशकों की संपत्ति को अब तक 33.68 लाख करोड़ रुपये का भारी नुकसान हो चुका है।

इस संघर्ष से उपजे भू-राजनीतिक तनाव और ऊर्जा आपूर्ति में बाधा आने से बीएसई सेंसेक्स इस महीने अब तक आठ प्रतिशत से ज्यादा गिर चुका है।

अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था। उसके बाद से ही दोनों पक्षों में लगातार सैन्य संघर्ष जारी है।

सेंसेक्स 27 फरवरी के बाद से लेकर 13 मार्च के दौरान कुल 6,723 अंक यानी करीब 8.27 प्रतिशत गिर चुका है। इस दौरान बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 33.68 लाख करोड़ रुपये घटकर 4,29,82,252 करोड़ रुपये (लगभग 4.65 हजार अरब डॉलर) रह गया है।

ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुदी आर. ने कहा, ‘पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष अब दूसरे सप्ताह में पहुंच चुका है और तनाव कम होने के कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिख रहे हैं। दोनों पक्ष लगातार हमले और धमकियां दे रहे हैं। लंबे समय तक अनिश्चितता होने से दुनिया भर के वित्तीय बाजारों में निवेशक जोखिम लेने से बच रहे हैं और सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।’

शुक्रवार को भी सेंसेक्स में गिरावट जारी रही। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,470.50 अंक की गिरावट के साथ 74,563.92 अंक पर बंद हुआ।

भाषा

योगेश प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments