scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशदिल्ली: एनसीईआरटी की पायरेटेड किताबें बेचने के आरोप में स्नातक गिरफ्तार, 5,000 से अधिक प्रतियां जब्त

दिल्ली: एनसीईआरटी की पायरेटेड किताबें बेचने के आरोप में स्नातक गिरफ्तार, 5,000 से अधिक प्रतियां जब्त

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) दिल्ली के बाहरी इलाके में एक गोदाम पर पुलिस की छापेमारी के बाद एनसीईआरटी की 5,000 से अधिक नकली (पायरेटेड) पाठ्यपुस्तकें जब्त की गईं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इस संबंध में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की कक्षा एक से 12वीं तक की इन पुस्तकों को दिल्ली पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के क्षेत्रों में नकली शैक्षणिक सामग्री के वितरण में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ करने के बाद जब्त कर लिया गया।

दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि अरविंद कुमार नामक आरोपी को विशिष्ट सूचना के आधार पर अपराध शाखा द्वारा शाहबाद दौलतपुर गांव में की गई छापेमारी के दौरान पकड़ा गया। आरोपी दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक है।

पुलिस के अनुसार, एक दल दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में नकली शैक्षणिक सामग्री छापने और वितरित करने वाले एक संदिग्ध गिरोह पर नजर रख रहा था।

अधिकारी ने बताया, “एक सूचना के आधार पर, 12 मार्च को टीम को पता चला कि शाहबाद दौलतपुर स्थित एक गोदाम में एनसीईआरटी की नकली किताबों की एक बड़ी खेप बाजार में बेचने के लिए रखी गई थी।”

उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और 5,011 नकली किताबों का पूरा जखीरा जब्त कर लिया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments